Badgaon Police Station of Saharanpur
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जूते-चप्पल पहनकर मंदिर में घुसने का विरोध करने पर जेई और लाइनमैन द्वारा मारपीट और गर्भवती महिला से अभद्रता कर दी। मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी गई है।
सरसावा थाने पहुंचे ग्राम ढिक्का टपरी निवासी इशकलाल ने थानाध्यक्ष को तहरीर देते हुए बताया कि वह गांव के रविदास मंदिर की कमेटी का प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्य है। सुबह विद्युत निगम के जेई और लाइनमैन आए।
वे जूते-चप्पल पहने ही मंदिर में प्रवेश करते हुए वहां रखे माइक सिस्टम से बिजली बिलों से संबंधित ऐलान करने लगे। जब उसने मंदिर के भीतर जूते-चप्पल पहन कर आने का विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज व मारपीट की। उन्होंने उसके घर जाकर जबरदस्ती उसका बिजली कनेक्शन काटकर मीटर उतारा, जिसका उसकी पुत्रवधु सपना ने विरोध किया तो उन्होंने पांच माह की गर्भवती पुत्रवधु के पेट में लात मार दी।
आरोप है कि लाइनमैन ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मैसेज भी लिखा है। इशक लाल के साथ आए गांव वालों ने बताया कि जेई की शह पर लाइनमैन गांव से अवैध वसूली में भी संलिप्त रहता है। उधर जेई का कहना है कि आरोप मिथ्या हैं। उल्टे ग्रामीण ने ही लाइनमैन के साथ हाथापाई की है।
दूसरी घटना में सफाई कर्मियों के साथ सरसावा थाने पहुंचे रायपुर के सफाईकर्मी सत्येंद्र ने बताया कि वह ग्राम कुतुबपुर का निवासी है। सोमवार सुबह 8 बजे जब वह गांव रायपुर में सफाई करने पहुंचा तो गांव के दो व्यक्तियों ने उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उसके सिर में गहरी चोट आई है। पीड़ित ने आरोपियों से जान का खतरा होने की भी आशंका जताई। सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वे बाहर हैं। थाने पहुंच कर दोनो मामलों को दिखवा कर जांच कराएंगे।