सहारनपुर। मतगणना के दौरान बृहस्पतिवार को वेयर हाउस और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही वाहनों को रोकने के लिए माहिपुरा तिराहे व राकेश केमिकल तिराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। मतगणनाकर्मियों, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के उन कार्यकर्ताओं (एजेंट) के वाहनों को आने दिया जाएगा, जिनके पास अनुमति होगी।
सुबह पांच बजे से पुलिस, पीएसी, अर्द्धसैनिक बलों के जवान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल लेंगे। मतगणना ड्यूटी में लगे वाहनों को सेंट्रल वेयर हाउस की तरफ जाने दिया जाएगा। यहां पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। इसके अलावा सेंट्रल वेयर हाउस के अंदर सातों विधानसभा की मतणगणना को लेकर बैरिकेडिंग लगाई गई है। बुधवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर व मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था में तीन एडिशनल एसपी, नौ सीओ, 30 निरीक्षक, 930 उप निरीक्षक, एक कंपनी पीएससी, अर्द्धसैनिक बलों की तीन कंपनियां तैनात रहेंगी।
----------------
यहां होंगी चेकिंग प्वाइंट, होगी तलाशी
भारत माता चौक, माहिपुरा तिराहा और राकेश केमिकल तिराहे पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो मतगणनाकर्मियों, राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को भी तलाशी के बाद ही वेयर हाउस तक जाने देंगे।
--------------
बिना अनुमति नहीं मिलेगा प्रवेश
वेयर हाउस में उन्हीं कार्यकर्ताओं को जाने दिया जाएगा, जिनके पास बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी समर्थकों को माहिपुरा तिराहे पर ही रोक दिया जाएगा। इसके लिए यहां पर पूरी तरह बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद रहेगा।
----------------
यह रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
ऑब्जर्वर, जिलाधिकारी, एसएसपी के वाहनों की पार्किंग वेयर हाउस गेट के अंदर दाहिनी तरफ रहेगी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन वेयर हाउस के सामने के सामने मैदान पर खड़े होंगे। पुलिस, मतगणनाकर्मियों, मीडियाकर्मियों के वाहनों की पार्किंग नानकपुरम में होगी। प्रत्याशी, एजेंट की पार्किंग महाराज सिंह डिग्री कॉलेज ग्राउंड पर रहेगी। बेहट की ओर से जाने वाले प्रत्याशी, एजेंट के वाहन चकहरेटी की तरफ पराग दूध फैक्टरी में खड़े होंगे।
--------------
पूरी मुस्तैदी से करें ड्यूटी
पुलिस लाइन में एसपी सिटी राजेश कुमार ने चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी राजेश कुमार ने कहा कि सुबह पांच बजे से सभी पुलिसकर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी को संभाल लें। संदिग्ध पर नजर रखी जाए और कहीं पर भी भीड़ एकत्र न होने दी जाए। रूट डायवर्जन का सख्ती के साथ पालन कराएं। इस दौरान एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद, एडिशनल एसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी, सीओ प्रीति यादव, सीओ नीरज कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।