सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर।
- फोटो : अमर उजाला
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर मामले में पुलिस महकमे ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही 19 वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए एक्स कॉर्प को पत्र भेजा है। वीडियो को लेकर पुलिस की छवि धूमिल होने का हवाला दिया है। वहीं, इस मामले में एसएसपी ने सीओ पवन कुमार को हटा दिया हे। उन्हें सीओ सदर से हटाकर सीओ यातायात बनाया गया है।
21 नवंबर को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर सहारनपुर आए थे। दोनों सांसद कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी से मिले थे। इससे पहले सांसद असदुद्दीन ओवैसी सर्किट हाउस गए थे। यहां सुप्रीम कोर्ट के जज की तैयारी में खड़े पुलिसकर्मियों ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया था।
इस मामले में ऐसा तूल पकड़ा कि एसएसपी को जांच अधिकारी नामित करना पड़ा। जांच की जिम्मेदारी एसपी देहात मयंक पाठक को दी गई। जांच के बीच एसएसपी कार्यालय की ओर से एक्स कॉर्प को पत्र लिखकर भेजना पड़ा। इसमें 19 अलग-अलग वीडियो और पोस्ट हटाने का अनुरोध किया गया, जो एक्स पर अलग-अलग अकाउंट पर प्रसारित हो रही है।
पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई का हवाला दिया। पुलिस ने यह भी हवाला दिया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से पुलिस की छवि धूमिल हो रही है। इस पोस्ट से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसके साथ ही कहा गया कि साइबर क्राइम सेल क्राइम ब्रांच में जांच चल रही है। इसके लिए जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार नामित हैं। उधर, सर्किट हाउस में पुलिस का नेतृत्व कर रहे सीओ सदर पवन कुमार के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। उन्हें सदर की जगह अब सीओ यातायात का कार्यभार दिया है।
पुलिसकर्मियों की जांच अभी जारी
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने की जांच अभी जारी है। सीओ के कार्यक्षेत्र बदलने के बाद अब सबकी नजर उन पुलिसकर्मियों पर टिक गई है, जिन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। इस पूरे मामले की जांच एसपी देहात मयंक पाठक कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ये बोले एसपी
गार्ड ऑफ ऑनर मामले की जांच चल रही है। इससे संबंधित वीडियो व पोस्ट हटाने के लिए एक्स को पत्र लिखा गया है। पुलिसकर्मियों की जांच चल रही है। सीओ सदर को सीओ यातायात बनाया गया है।
- मयंक पाठक, एसपी देहात