सहारनपुर। सहारनपुर से चंडीगढ़ जाने वाला रेलखंड आधुनिक तकनीक से लैस होगा। इससे अंबाला मंडल के अधीन सरसावा, खानआलमपुरा समेत 13 रेलवे स्टेशनों को चिन्हित किया है। आधुनिक प्रणाली से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और सफर सुरक्षित होगा।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है, जिनमें 35 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। रेलवे ने नेटवर्क को सुरक्षित और रफ्तार देने के लिए अच्छा फैसला लिया है। अंबाला मंडल के अधीन सरसावा, हिंडन केबिन, खानआलमपुरा, जगाधरी वर्कशॉप, कलानौर, मुस्तफाबाद, दराजपुर, बराड़ा आदि 13 रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस परियोजना के लिए 129.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इस धनराशि से इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लगेगी। इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने के साथ सफर सुरक्षित होगा।
बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
रेलवे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट लगी हुई है। एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। अब इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे रेलवे के सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।