थाना सदर बाजार रोड बनाने के कार्य के चलते बंद किया गया मार्ग
- सीएम ग्रिड योजना के तहत कलक्ट्रेट तिराहे से हो रहा स्मार्ट रोड का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सड़क निर्माण कार्य के चलते थाना सदर बाजार रोड तीसरे दिन भी बेरीकेडिंग लगाकर बंद रखा गया। केवल दोपहिया वाहनों का ही आवागमन हुआ, जबकि चौपहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर जाम की स्थिति भी बनी रही।
सीएम ग्रिड योजना के तहत कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकत नगर और थाना सदर के सामने से होते हुए दीवानी तिराहे तक स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जा रहा है। कलक्ट्रेट तिराहे से आईएमए भवन तक काफी हद तक काम हो चुका है। अब थाना सदर मार्ग पर काम शुरू होना है। इसके लिए कार्यदायी संस्था ने शुक्रवार को भी दोनों तरफ बेरीकेडिंग लगाकर बंद कर दिया। ऐसे में जिन लोगों को पेपर मिल रोड, देहरादून रोड या जिला अस्पताल की ओर से कोर्ट रोड या दीवानी कचहरी आना था उन्हें हकीकतनगर की ओर से घूमकर आना पड़ा। साथ ही जिन वाहनों को दिल्ली रोड या कोर्ट रोड से आते हुए पेपर मिल रोड या अस्पताल की ओर आना था उनके पास भी केवल हकीकतनगर का विकल्प बचा।
ऐसे में हकीकतनगर क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली रोड की ओर से आने वाले अनेक वाहन, जिन्हें देहरादून जाना था वह जिला अस्पताल पुल की बजाय घंटाघर से होकर गुजरे। हालांकि, दोपहिया वाहनों के आवागमन को लेकर कुछ जगह छोड़ी गई थी।
थाना सदर बाजार रोड बनाने के कार्य के चलते बंद किया गया मार्ग
थाना सदर बाजार रोड बनाने के कार्य के चलते बंद किया गया मार्ग