संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। न्यू शारदा नगर निवासी सतीश कुमार के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 5.24 लाख रुपये निकाल लिए। इसमें से 2.43 लाख रुपये की ठगी हुई है, जबकि 2.80 लाख रुपये कुछ देर बाद वापस आ गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सतीश कुमार ने बताया कि 23 जुलाई को उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये कटने के संदेश आए। अलग-अलग लेनदेन में कुल 5.24 लाख रुपये निकाले गए। पीड़ित ने किसी भी यूपीआई सुविधा का उपयोग नहीं किया था। रकम निकलने के दौरान उन्हें मोबाइल पर कॉल फॉरवर्डिंग से संबंधित संदेश मिले। इससे उन्हें साइबर ठगी का संदेह हुआ। बाद में खाते से निकली रकम में से 2.80 लाख रुपये वापस आ गए। हालांकि 2.43 लाख रुपये की शेष राशि अभी तक वापस नहीं मिल पाई है।
जांच अधिकारी कंवरपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बैंक खाते से हुए लेनदेन की जांच कर रही है। इसके साथ ही मोबाइल पर आए संदेशों और कॉल फॉरवर्डिंग से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी तथ्य छूटे नहीं।