-लेजर में हेराफेरी कर ठेकेदारों से मिलीभगत का आरोप
-डबल पेमेंट से हुआ 68 लाख रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
नानौता। किसान सहकारी चीनी मिल में करीब 68 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक लेखाकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ठेकेदारों से मिलीभगत कर दो बार भुगतान कराने का आरोप है।
पुलिस ने लेखाकार चेतन्यराम ठाकुर को शनिवार को गंगोह रोड से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया। चेतन्यराम ठाकुर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पाण्डरवाही गांव का निवासी है। मिल के मुख्य लेखाकार सौरभ बंसल ने 4 अगस्त को थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लेखा विभाग के कर्मचारियों ने ठेकेदारों से सांठगांठ की। उन्होंने लेजर में गलत प्रविष्टियां कीं और अभिलेखों में हेराफेरी की। इससे एक ही भुगतान दो बार करा दिया गया। मिल के कोष को लगभग 68 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
क्षेत्राधिकारी गंगोह शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में लेजर, भुगतान संबंधी अभिलेखों और अन्य दस्तावेज की जांच की जा रही है। गबन में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विस्तृत जानकारी जुटा रही है।