सहारनपुर। महानगर में जाम से निजात दिलाने के लिए थ्री व्हीलरों और ई-रिक्शों के रूट निर्धारण की योजना धरातल पर ध्वस्त हो गई। निर्धारित रूटों पर थ्री व्हीलरों और ई-रिक्शों का संचालन न होने की वजह से कई इलाकों की यातायात व्यवस्था गड़बड़ा जाती है, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शहर के घंटाघर से अंबाला रोड, देहरादून रोड, नेहरू मार्केट, रेलवे रोड, कोर्ट रोड तरफ चलने वाले थ्री व्हीलरों और ई-रिक्शों के रूट निर्धारित कर इन वाहनों पर रूट नंबर भी अंकित किए गए थे। कुछ दिन इन रूटों पर ई-रिक्शा और थ्री व्हीलरों का संचालन हुआ, लेकिन स्थिति अब पहले जैसी हो गई है, जिस वजह से घंटाघर, नेहरू मार्केट, कोर्ट रोड, अंबाला रोड, देहरादून रोड, जिला अस्पताल पुल और रायवाला बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में नागरिकों जाम में फंसकर मुसीबत भी झेलनी पड़ती है।
यह था रूट प्लान
घंटाघर से अंबाला रोड की तरफ जाने वाले ई-रिक्शा व थ्री व्हीलर मंडी समिति रोड होते हुए चिलकाना रोड तक चलेंगे। इसी तरह घंटाघर से कोर्ट रोड, हसनपुर तिराहा से सर्किट हाउस मार्ग और दिल्ली रोड की तरफ संचालित होंगे। घंटाघर से नेहरू मार्केट से श्रीराम चौक होते हुए बोमंजी रोड से होकर ई-रिक्शा दाल मंडी पुल की तरफ जाएंगी, जबकि थ्री व्हीलर प्रताप मार्केट से होते हुए चकराता मार्ग की तरफ जाएंगे। इसी तरह देहरादून चौक, बाजोरिया रोड, जिला अस्पताल पुल से विश्वकर्मा चौक होते हुए थ्री व्हीलर व ई-रिक्शा पेपर मिल रोड की तरफ जाएंगे। ऐसे ही अंबाला रोड पर संचालन होगा। चालक मनमानी करते हुए रूटों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में शहर में लगने वाले जाम को बढ़ावा मिल रहा है।
वाहनों के रंग बदलने का भी था प्लान
रूट के हिसाब से ही ई-रिक्शा और थ्री व्हीलरों के रंग बदलने का भी प्लान तैयार किया गया था, लेकिन इस कार्य योजना पर काम नहीं हो सका। ऐसे में गलत रूट पर चलने वाले वाहन आसानी से पकड़े जा सकते थे, लेकिन इस योजना का पालन न होने की वजह से चालक नियमों को उल्लंघन कर रहे हैं।
लॉकडाउन और कोरोना कर्फ्यू की वजह से रूट अव्यवस्थित हुए हैं। पुलिस की ओर से रूटों के हिसाब से ही ई-रिक्शा और थ्री व्हीलरों को संचालन कराया जाएगा। इसको लेकर इनकी यूनियन के पदाधिकारियों से भी वार्ता की जाएगी। किसी चालक ने लापरवाही बरती तो उसका चालान किया जाएगा। -- प्रेमचंद, एसपी ट्रैफिक