सहारनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यूपीएसई 2018 का परिणाम जारी किया है। खास बात है कि सहारनपुर की रोमा वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर बनी हैं, वहीं विपिन को सीटीओ पद मिला है। इनके अलावा जिला पूर्ति विभाग में तैनात क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भी अब असिस्टेंट कमिश्नर उद्योग बन गए हैं।
रामपुर मनिहारान के गांव चेहड़ी निवासी किसान रमेश कुमार और गृहणी कुसुम कुमार के बेटे विपिन कुमार ने भूगोल विषय से एमए से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई जेएनयू से की। इसके बाद उनकी नियुक्ति जेएस हिन्दू कॉलेज अमरोहा में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर हुई। मगर विपिन को कुछ और ही बनना था। विपिन ने तैयारी की और यूपीएसई 2018 की परीक्षा में शामिल हुए। नतीजा अब वह सीटीओ (कमर्शियल टेक्स ऑफिसर) बन गए हैं। पिता रमेश कुमार और मां कुसुम बेटे की सफलता से गदगद हैं। उन्होंने बताया कि विपिन बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रहा है। विपिन ने अपनी सफलता का श्रेय कड़े परिश्रम और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। शहर के मोहल्ला पंत विहार निवासी व्यापारी चंद्रप्रकाश और स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त रोजी शर्मा की बेटी रोमा शर्मा ने भी यूपीएसई 2018 की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन किया है। रोमा ने मेरठ के एमआईटी से बीटेक किया था। इसके बाद से वह तैयारी में जुटी थीं। उनको वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर का पद मिला है। अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुओं और माता-पिता से मिले साथ को दिया है। मां और पिता भी बेटी की सफलता से गदगद हैं। उधर, जिला पूर्ति विभाग में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के पद पर तैनात अश्वनी मिश्रा ने भी सफलता हासिल की है। वह असिस्टेंट कमिश्नर उद्योग बने हैं। मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले अश्वनी 2018 से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
रोमा शर्मा- फोटो : SAHARANPUR
विपिन कुमार- फोटो : SAHARANPUR