बदमाशों द्वारा घायल किए पिता पुत्र
- फोटो : SAHARANPUR
बंधक बनाकर नकदी-ट्रैक्टर लूटा
अंबेहटा (सहारनपुर)। बाग में पहरेदारी कर रहे पिता पुत्रों को बंधक बनाकर बदमाशों ने मारपीट कर हजारों की नगदी व ट्रैक्टर लूट लिया। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला नयाबांस निवासी मुनफैत पुत्र अलीहसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने रणदेवा गांव में मंदिर वाले बाग की फसल खरीद रखी है। बुधवार की रात को मुनफैत तथा उसके पुत्र कलीम व वसीम बाग में पहरेदारी कर रहे थे। रात करीब एक बजे चार बदमाश बाग में आए तथा उन पर लाठी डंडों से हमला कर जख्मी कर दिया। इसके बाद बदमाश उन्हें पेड़ से बांध कर जेब में रखी पांच हजार की नकदी व बाग में खड़ा ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। मुनफैत ने बताया कि हमलावरों के जाने के बाद किसी तरह से बंधन मुक्त होकर वह गांव पहुंचे तथा घटना की जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी। ग्रामीणों की मदद से रात में ही हमलावरों की तलाश भी की गई परंतु कोई सुराग नहीं लगा। जबकि लूटा गया ट्रैक्टर नकुड़ रोड पर खड़ा मिल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नकुड़ सीएचसी भेज कर उनका उपचार कराया। नकुड़ कोतवाल नरेश कुमार का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।