सरसावा/ गंगोह (सहारनपुर)। कई दिनों से पड़ रही लगातार गर्मी और उमस के बाद शनिवार को हुई बरसात ने किसानों तथा आमजन को जहां राहत पहुंचाई, वहीं जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़के तालाब के रुप में तब्दील हो गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कत उठानी पड़ी।
बीते कई दिनों से नगर तथा देहात क्षेत्र में भयंकर गर्मी तथा उमस का माहौल रहा। शनिवार को सुबह आसमान में छाये बदरा जमकर बरसे। इससे किसानों तथा आमजन ने भारी राहत की सांस ली,
बरसात सब्जी की खेती करने वालों के लिए नुकसानदेह साबित हुई। सब्जी के खेतों में पानी भर जाने के कारण सारी सब्जियां गलने के कगार पर पहुंच गई। सबसे ज्यादा परेशानी तो सरसावा में अंबाला रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई जहां नकुड़ तिराहे से लेकर पेट्रोल पंप तक राजमार्ग ने तालाब का रूप ले लिया। दरअसल नगर पालिका द्वारा गंदे पानी की निकासी के लिए बनवाया नाला पहली बरसात में फेल हो गया और नालों में बह रहा गंदा पानी बरसात के पानी के साथ मिलकर राजमार्ग पर तालाब की शक्ल में इकट्ठा हो गया। पानी सड़क किनारे बनी दुकानों में भर गया। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। वाहन भी राजमार्ग पर पानी के तालाब के बीच से ही रेंगकर निकले।
राजमार्ग पर दुकान करने वाले व्यापारी संजीव सैनी, शिवम त्यागी, सतीश त्यागी, ओंकार शर्मा, नरेंद्र कुमार, रमेश कुमार, महावीर सिंह, हरपाल सिंह संजय कुमार हरीश आदि ने पालिका से राजमार्ग पर नाव चलाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा जब राजमार्ग पर ही पानी भरा है, व्यापार कैसे कर पाएंगे। हालांकि जानकारी मिलने के बाद पालिकाकर्मियों ने जेसीबी से नाले में फंसी गंदगी को हटवाया और पानी को निकाला।
गंगोह में बारिश के कारण पानी की निकासी न होने पर पूरे नगर में पानी पानी हो गया। लगातार पानी बरसने से सड़कों ने नदियों का रुप ले लिया। सिनेमा मार्ग, दूधला रोड, मेटाडोर स्टैंड, राम बाग मार्ग, कंकराली मार्ग, शिव चौक मोहल्ला गुजरान के अलावा पूरा सराय पट्टी क्षेत्र तालाब बना रहा। यहां हर बारिश में यही हाल हो जाता है। इस क्षेत्र के लोगों ने कहा गांधी नगर के पास नाले पर किया अतिक्रमण परेशानी का कारण है, इस कारण जलनिकासी नहीं हो पाती है। इसके अलावा कई फुट पानी भर जाने के कारण वह लोगों की दुकानों व घरों में भी घुस गया। इससे लोगों का काफी नुकसान हुआ। बारिश का पानी पशु चिकित्सालय, बिजलीघर व कोतवाली में भी जमा हो गया। कोतवाली में दो पंपिंग सैट लगाकर पानी निकाला। सब्जी मंडी, काली मंदिर व गुजरान स्थित मंदिर में भी पानी भर गया। सड़कों पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों के पानी में फंस जाने के कारण उन्हें धक्का मार कर बाहर निकालना पड़ा। बारिश से बच्चे ज्यादा खुश दिखाई दिए और भीगते रहे। एसडीएम पूरण सिंह राणा भी गंगोह पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
गंगोह में बाजार में भरे पानी में नहाते बच्चें- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा में राष्ट्रीय राजमार्ग 73 पर राजमार्ग पर पानी के बीच से गुजरते वाहन- फोटो : SAHARANPUR