सहारनपुर। रेलवे लकड़ी पुल के समीप पानी टंकी को तोड़ने का काम समय से पहले ही पूरा कर लिया गया। जिसके बाद कार्यदायी संस्था ने कोर्ट रोड पुल से खलासी लाइन जाने वाले मार्ग को आवागमन के लिए खोल दिया। रास्ता खुलने से लोगों को खासी राहत मिली।
ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की जद में पानी की टंकी आ रही थी। इसको तोड़ने के लिए कार्यदायी संस्था एलएंडटी ने कोर्ट रोड पुल से खलासी लाइन मार्ग को 12 सितंबर तक बंद करने का निर्णय लिया, जिसे 30 अगस्त को बंद कर दिया था। रास्ते के बंद होते ही कई काॅलोनियों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यही नहीं दुकानदारों के काम पर भी खासा असर पड़ा। इसके चलते पानी की टंकी को समय से पहले ही तोड़ दिया गया। बुधवार से खलासी लाइन मार्ग पर वाहनों का संचालन शुरू हो गया। दुकानदारों को भी राहत मिली।