-जुलाई व अगस्त में लिए गए 46 नमूनों में से 31 की रिपोर्ट आई
- दूध, दही, पनीर से लेकर दाल, आइस्क्रीम और मिर्च पाउडर भी मिलावटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दूध, दही और पनीर की जरूरत सभी घरों में होती है, लेकिन त्योहारी सीजन पर इन्हें लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। इसमें भी बड़े स्तर पर मिलावट की जा रही है। दो महीने पहले भेजे गए 46 खाद्य पदार्थों में से अब तक 31 खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट आ गई है, उसका जो परिणाम सामने आया है वह चौंकाने वाला है। 31 सैंपल में से 18 सैंपल ऐसे पाए गए, जो किसी भी मानक पर खरे नहीं उतरे। जो न केवल लोगों का स्वास्थ्य बिगाड़ सकते हैं, बल्कि जानलेवा भी हो सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने जुलाई और अगस्त में विभिन्न स्थानों से 46 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। अभी तक जो सैंपल फेल मिले हैं उसमें अरहर की दाल, मिर्च, हल्दी पाउडर, आइस्क्रीम, दूध, दही, अलग-अलग तरह की मिठाइयां, खोया और पनीर शामिल हैं। इतनी तादाद में सैंपल फेल होने से विभाग के अधिकारी भी हरकत में आ गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद अब अधिकारी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही कोर्ट में भी केस दायर किया जाएगा।
मिलावटी खाद्य पदार्थ सेहत के लिए नुकसानदायक
फिजिशियन डॉ. अंशुल गुप्ता ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। किडनी और पेट संबंधी रोग हो सकते हैं। मिलावटी तेल और घी का दिल पर तेजी से असर होता है। धमनियों में चिकनाई जम जाती है। इसलिए हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है।
-
वर्जन
विभाग की टीमें सक्रिय हैं। खाद्य पदार्थों की जांच के लिए समय-समय पर अभियान चलता रहता है। सैंपलों को लैब भेजा जाता है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- पवन कुमार, सहायक आयुक्त ग्रेड-2, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग