तीतरो (सहारनपुर)। रजबहे में पानी छोड़ने पर पटरी टूट गई, जिसमें फसलें जलमग्न हो गई। इसके साथ ही पटरी के रास्ते पर वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया। पुलिस ने गंगोह चौराहे पर बैरियर लगाकर पटरी मार्ग बंद कर दिया है।
क्षेत्र में रात से मूसलाधार वर्षा होने से खेतों में भी पानी भर गया। हंगावली रजबहे में भारी मात्रा में पानी छोड़ने के कारण जलस्तर इतना बढ़ गया कि जगह जगह से इसके किनारे टूट गए। इनसे निकले पानी के बहाव से आसपास के खेतों की फसलें जलमग्न हो गई। किसान अकरम, तैमुर खां, नौशाद, राजपाल सिंह, फंसी उल्ला, विनोद आदि ने बताया कि रजबहे की पटरी टूटने से उनकी गेहूं फसल डूब गई है। इससे उनकी फसल बरबाद होने का खतरा पैदा हो गया है। इसके साथ ही नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तैमूर खान के खेत के पास से शामली जाने वाली पक्की पटरी पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे इस पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। कोई हादसा ने हो जाए इससे बचने के लिए कोतवाली पुलिस ने गंगोह चौराहे पर बैरियर लगा कर आवागमन बंद कर दिया है। क्षेत्रीय किसानों ने जिलाधिकारी से क्षतिग्रस्त पटरी का निर्माण कराने की मांग की है।