नदियों में आया उफान, श्रद्धालु और वाहन फंसे
शाकंभरी (सहारनपुर)। शिवालिक पहाड़ियों एवं मैदानी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद घाड़ क्षेत्र की सभी बरसाती नदियों में उफान आ गया। इसके चलते कई गांवों का तहसील मुख्यालय से पांच घंटे तक संपर्क कटा रहा। सिद्ध पीठ शाकंभरी देवी में भी श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए घंटों तक बरसाती नदी में पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। वहीं सिद्धपीठ की नदी में श्रद्धालुओं के वाहन भी धंस गए, जिन्हे रस्सा बांध कर बामुश्किल बाहर निकाला जा सका।
शनिवार की रात तीन बजे मैदानी क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई थी। जबकि शिवालिक पहाड़ियों में उससे पहले ही बारिश हो रही थी। इसके चलते क्षेत्र की सभी नदियों शाकंभरी खोल, बादशाह बाग नदी, सहंश्रा नदी, नौरंगपुर नदी में पानी उफान पर आ गया। इसके चलते नदियों के दूसरी तरफ बसे गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया। बिहारीगढ़-बेहट को आने वाली बस भी नौरंगपुर नदी में पानी आने के चलते 4 से 5 घंटे नदी किनारे खड़ी रही। इसके अलावा सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में भूरा देव मंदिर के पास शाकंभरी खोल में पानी आने से सिद्ध पीठ को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। खोल में पानी कम होने के बाद ही श्रद्धालु सिद्धपीठ में देवी दर्शनों को जा पाए।
नदी के पानी से होकर माता के दर्शनों को जाते श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR