एटीएम उखाड़ने के आरोप में पकड़े गये आरोपी का खुलासा करते एसपी देहात अशोक कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। थाना सदर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एटीएम उखाड़ने वाले गिरोह के एक और सदस्य और 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रकमा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सवा चार लाख रुपये, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद किया। यह आरोपी गंगोह क्षेत्र के शाहपुर का रहने वाला है।
एसपी देहात अशोक कुमार मीणा के मुताबिक सात जुलाई की रात में थाना सदर पुलिस और सर्विलांस टीम ने आईटीसी चौराहे पर चेकिंग शुरू की। यहां पुुलिस को देखकर एक बाइक सवार भागने लगा तो उसका पीछा किया। बाद में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी रकमा उर्फ रकमुद्दीन ने बताया कि उसने एटीएम चोरी के रुपये यमुना नदी के पास एक खेत में छिपा रखे थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सवा चार लाख रुपये बरामद किए।
दिल्ली रोड और हरियाणा, पंजाब की वारदात में रहा शामिल
सहारनपुर। एसपी देहात ने बताया यह इनामी आरोपी और उसके साथी सदस्य शहर के दिल्ली रोड स्थित एसबीआई और हरियाणा के पाहवा चौक के अलावा मोहाली पंजाब की वारदात में शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली राज्यों में भी केस दर्ज हैं। इससे पहले भी इस गिरोह के कुछ सदस्य पकड़े जा चुके हैं। उन्होंने बताया था कि ये लोग वारदात को अंजाम देने के बाद सुनसान जगहों पर मशीनों को ले जाकर खुर्द बुर्द करते थे और इसके बाद यमुना क्षेत्र में छिपा देते थे। गिरोह के सदस्य रस्से से एटीएम उखाड़ने के बाद पिकअप वाहन में लादकर ले जाते थे।