राजस्व टीम ने चारागाह की जमीन से हटवाया अवैध कब्जा
सरसावा (सहारनपुर)। चारागाह की भूमि पर अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाने की कड़ी में नकुड़ प्रशासन ने ग्राम काजीपुरा में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया।
मंगलवार को राजस्व निरीक्षक राहुल सिंह के नेतृत्व में नकुड़ तहसील प्रशासन की टीम ने सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुरा के मौजा बहबलपुर में खसरा नंबर 74 में दर्ज चरागाह की 12 बीघा भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। लेखपाल पाल सिंह सैनी द्वारा जानकारी दी गई कि भू माफिया ने वर्षों से चरागाह की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। इसकी शिकायत जब उप जिलाधिकारी नकुड़ पीएस राणा को मिली तो उनके आदेश पर मंगलवार को टीम भेज कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। प्रशासन की टीम ने भूमि पर ट्रैक्टर चलवा कर अपना कब्जा ले लिया। पीएस राणा ने भू माफिया को चेतावनी दी कि नकुड़ तहसील क्षेत्र में यदि किसी ने सरकारी भूमि पर कब्जा किया हुआ है तो स्वयं कब्जा हटा ले नहीं तो प्रशासन कब्जा हटवाने के साथ ही कानूनी कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकेगा। अवैध कब्जा हटवाने वाली टीम में ंराजस्व निरीक्षक सरसावा राहुल सिंह, मेडिकल चौकी प्रभारी वेद पाल सिंह तथा हल्का लेखपाल रचिता जैन सूरज पंवार कुलदीप कुमार लेखपाल, राहुल कुमार लेखपाल उपस्थित रहे।