सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस बनाने के साथ ही चमकाने की कवायद की जाएगी। इसके तहत जिला पंचायत राज विभाग की ओर से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को टास्क दिया जाएगा।
जनपद के 11 विकासखंडों की 884 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ बनाने के लिए ग्रामीणों में जागरूकता लाने को कई कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय एवं गांव की गलियों में दीवारों पर स्वच्छ और कोरोना से बचाव की पेंटिंग बनाई जाएंगी। इसको लेकर जिला पंचायत राज विभाग की ओर से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। ताकि वह अपने नेतृत्व में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करा सके। स्वच्छता और सुंदरीकरण को लेकर गांवों के बीच प्रतिस्पर्धा कराने का भी प्लान तैयार किया जा रहा है।
कंपोस्ट व जैविक खाद बनाने का भी प्लान
जिला पंचायत राज विभाग के मुताबिक कचरा प्रबंधन के साथ ही जैविक खाद तैैयार की जाएगी। गांवों में कूड़ा इकट्ठा कर कंपोस्ट व जैविक खाद बनाने के प्लांट भी लगेंगे। रोजगार के लिए ग्रामीणों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
बेस लाइन सर्वे में चिह्नित हुए परिवारों के यहां बनेंगे शौचालय
स्वच्छ भारत मिशन के तहत हाल में ही हुए बेस लाइन सर्वे में 757 परिवार चिह्नित किए गए हैं, जिनके यहां शौचालय बनाए जाएंगे। इसको लेकर जल्द कार्य शुरू होगा। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्य को दो सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ओडीएफ प्लस ग्राम पंचायतों के सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसको लेकर ग्रामीणों में स्वच्छता की अलख जगाने के साथ ही दीवारों पर पेंटिंग आदि बनाने के कार्य होगा। जैविक व कंपोस्ट खाद के लिए भी प्लांट लगेंगे।
--उपेंद्र राज सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी