सहारनपुर। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने पांवधोई नदी में कचरा डालने वालों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही दोनों ओर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने को कहा। सोमवार को हुई पांवधोई विकास समिति की बैठक में उन्होंने नदी के सुंदरीकरण के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए हर माह बैठक करने को भी कहा है।
उन्होंने कहा कि पांवधोई सहारनपुर शहर की लाइफ लाइन है, जिसे प्रदूषण से मुक्त करना सामूहिक जिम्मेदारी बनती है। इसमें एक ओर जहां प्रशासन और नगर निगम काम कर रहा है, वहीं प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह भी अपने स्तर से योगदान करे। उन्होंने कहा कि वर्ष में दो बार नदी की सफाई कराई जाएगी और उसके किनारों को सुंदर बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। जिसके लिए सबसे पहले अतिक्रमण हटाया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही शहर के सभी बडे़ मंदिरों से पुष्प-पत्ती नगर निगम की गाड़ी द्वारा एकत्रित कर गोशाला पहुंचाई जाएंगी, जिनसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन को निर्देश दिए कि जहां-जहां कूड़ा नदियों में फेंका जाता है, वहां कर्मचारी तैनात कर ऐसे लोगों को चिह्नित करें और उन पर कम से कम 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाएं।
उन्होंने अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव को नदी किनारों की टूटी पटरियों की मरम्मत कराने व टूटी जालियों को ठीक कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी क्षेत्रों से संबद्ध वार्डों के पार्षद निगरानी समितियों का नेतृत्व करें। निगम के पर्यावरण प्लानर उमर सैफ ने पांवधोई, ढमोला, नागादेई के जल प्रदूषण को समाप्त करने के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने तीनों नदियों व हिंडन के पुनर्जीवन के लिए शिवालिक तलहटी में वाटर रिचार्ज पर बल दिया। बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. एसके उपाध्याय ने निगरानी समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय करने तथा धोबीघाट क्षेत्र में निरंतर नदी की सफाई कार्य कराने व नालों को टैप करने का सुझाव दिया। पांवधोई इतिहास के लेखक व समिति सदस्य डॉ. वीरेंद्र आजम ने 50 साल की पांवधोई यात्रा पर विस्तार से बात रखी। बैठक में अमीर खान एडवोकेट, एसी पपनेजा, पार्षद नंदकिशोर शर्मा, ज्योति अग्रवाल, राजेंद्र शर्मा, पंकज बंसल, साध्वी सविता जमुनादास, पार्षद मुकेश गक्कड़, पार्षद सुनील शर्मा, पार्षद अमित त्यागी, वीना बजाज, रंजीता चौधरी आदि भी मौजूद रहीं।