थाना प्रभारी को ज्ञापन देते मुस्लिम समाज के लोग।
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। जमीयत उलेमा हिंद के जिला अध्यक्ष हजरत मौलाना जहूर कासमी ने कहा कि फ्रांस में हजरत मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी किए जाने और फ्रांसीसी राष्ट्रपति द्वारा आरोपी का समर्थन किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पूरी दुनिया के मुसलमानों की भावनाएं आहत हुई हैं।
जमीयत उलेमा हिंद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मौलाना शमशीर कासमी ने कहा है कि फ्रांस की एक मैगजीन द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का कार्टून का प्रकाशन कर पूरी मुस्लिम कम्यूनिटी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। इसे लेकर दुनिया भर के मुस्लिम में रोष पनप रहा है। भारत सरकार को चाहिए कि वह इस मसले में यहां रहने वाले करोड़ों मुसलमानों के जज्बात का ख्याल रखते हुए अपनी आवाज बुलंद करें और यूएन में धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनवाने की पहल करें।
इस घटना के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कोतवाली प्रभारी को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में मौलाना कमर कारी, मुफ्ती उमेर, मुकर्रम कारी, मौलाना तनवीर, हाजी इमरान फिरूज, मोलाना अब्दुल कादिर, अनीस, नदीम पंवार, सादिक प्रधान आदि रहे।