सहारनपुर के गंगोह में चार दिन बीतने के बावजूद पुलिस बीकाम के छात्र सागर सैनी के हत्यारों तक पहुंचने में कामयाब नही हो सकी है। मंगलवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्या और षड़यंत्र में शामिल संभावित बदमाशों के फुटेज जारी किए है।
बता दें कि 13 जनवरी की शाम बाइक सवार बदमाशों द्वारा बीकाम के छात्र 18 वर्षीय सागर सैनी की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्यारे और मुखबिरी में शामिल संभावित बदमाश आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे।
पुलिस लगातार उनकी पहचान करने के प्रयास में जुटी है, परंतु अब तक उसे कोई सफलता नहीं मिल पाई है। उधर पुलिस की नाकामी से मृतक छात्र के परिजनों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है।
सोमवार को हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और मोहल्लेवासियों ने कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा किया था।
चार दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज के अलावा अब तक ऐसा कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे हत्यारों तक पहुंचा जा सके। छात्र के साथी मुकुल से भी पुलिस को कोई सुराग नही मिला है।
मंगलवार को पुलिस ने फुटेज के आधार पर हत्यारों और मुखबिरी करने वाले संभावित बदमाशों के फुटेज जारी किए। कोतवाल विंध्याचल तिवारी ने नागरिकों से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस हत्यारों को पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है। इसके लिए टीमें भी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हत्यारे पकड़कर सलाखों के पीछे किए जाएंगे।