सहारनपुर में विधान सभा चुनाव में पहली बार मतदाता पर्चियों (वोटर स्लिप) के पीछे संबंधित मतदान केंद्रों का नक्शा रहेगा। इससे मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर पहुंचने में आसानी रहेगी।
मतदान पर्चियों पर नक्शा गूगल मैपिंग के जरिए उतारा जाएगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शफकत कमाल ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के साथ बैठक के दौरान दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता के पास मतदाता फोटो पहचान पत्र या अन्य कोई ऐसा दस्तावेज नहीं है, जिसके जरिये वह वोट डाल सके। तो मतदाता पर्ची भी इसके लिए विकल्प रहेगी।
यानी मतदाता पर्ची के आधार पर भी मतदाता मतदान कर सकेगा। इस दौरान भाजपा नेता राजीव गुंबर ने अपने विधान सभा क्षेत्र में कई मतदान केंद्रों के स्थल बदल दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम-प्रशासन एसके दुबे ने जवाब में कहा कि चुनाव आयोग के आदेश हैं कि जिन मतदान केंद्रों के भवन जर्जर हो चुके हैं, उनको बदल दिया जाए। बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने गाड़ियों की अनुमति के संबंध में जानकारी मांगी।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया, सपा के जिलाध्यक्ष मजाहिर हसन मुखिया के बेटे उस्मान मुखिया समेत अनेक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में एसएसपी भारत सिंह यादव, एडीएम प्रशासन एसके दुबे, एडीएम वित्त एवं राजस्व हरीशचंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट हरीशंकर, एसपी ट्रैफिक ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
एसएसपी भारत सिंह यादव ने बताया कि नामांकन के दिन भी भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। नामांकन के समय एक डीएसपी कलक्ट्रेट में तैनात रहेगा। एक डीएसपी और पुलिस बल कलक्ट्रेट की एंट्री पर रहेंगे। आरओ के पास एसआई समेत चार कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल रहेगी।