सहारनपुर। जनपद में विमुक्त जातियों के प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग को लेकर गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पहले की तरह गुर्जर समाज के लोगों के विमुक्त जाति के प्रमाणपत्र जारी होना चाहिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा ब्रिटिश कार्यकाल में गुर्जर सहित अन्य जातियों को क्रिमनल ट्राइब एक्ट बनाकर आपराधिक जन जातियां घोषित किया था। 26 मार्च 1962 को शासनादेश जारी करके जनपद में गुर्जर सहित 19 अन्य जातियों को इससे मुक्त किया। इसके बाद जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून के गुर्जर समाज के लोगों के विमुक्त जाति के प्रमाण पत्र जारी होने लगे। विमुक्त जाति के प्रमाणपत्र वर्ष 2003 में जारी होते रहे। इसके बाद प्रमाणपत्र बनाने बंद कर दिए। उन्होंने जिलाधिकारी से गुर्जर सहित अन्य 19 जातियों के लोगों के विमुक्त जाति के प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग की। इस दौरान गंगोह से भाजपा विधायक किरत सिंह, बलवीर तोमर, शेषराज पंवार, सतपाल सिंह, लोकेश सलारपुरी, प्रदीप वर्मा, अजय खटाना आदि मौजूद रहे।