संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बिहार और पूर्वांचल जाने वाली नियमित ट्रेनें अब भी फुल चल रही हैं, जबकि स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली हैं। इसके दो कारण हैं। एक स्पेशल ट्रेनों का किराया और दूसरा इनकी लेटलतीफी है।
रेलवे ने त्योहारों में सफर आसान कराने के लिए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की थी। सहारनपुर से होते ट्रेनों का संचालन किया। कन्फर्म टिकट और फिर ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी की स्थिति रही। दीपावली से पहले शुरू हुआ मारामारी का यह सिलसिला अब भी जारी है।
त्योहार भले ही निपट गए हों, लेकिन अब सहालग का सीजन शुरू हो गया है। दूसरी ओर कई विभागों की भर्ती परीक्षा भी हो रही है। इस कारण ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम नहीं हो रहा है। नियमित ट्रेनें ठसाठस चल रही हैं। इनमें पैर रखने तक की जगह नहीं है। सबसे ज्यादा खराब हालत अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस की है। इस ट्रेन में सभी जनरल कोच हैं।
ट्रेन नंबर 04608 अमृतसर-छपरा स्पेशल की थर्ड एसी में सीट खाली हैं। इस ट्रेन में नौ नवंबर को 127, 23 नवंबर को 161 और 30 नवंबर को 472 सीटें खाली हैं। स्पेशल ट्रेनों का नियमित से ज्यादा किराया है। निर्धारित समय पर भी नहीं पहुंच पा रही हैं।