सहारनपुर। बिना फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे 203 स्कूली वाहनों का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। इन स्कूल वाहनों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को अंतिम नोटिस जारी कर फिटनेस कराने का समय दिया गया है। इसके बाद यदि निलंबित पंजीकरण वाले स्कूली वाहन संचालित होते पाए गए तो उन्हें सीज किया जाएगा। निर्धारित समय में फिटनेस न होने पर इन वाहनों का पंजीकरण निरस्त कर दिया जाएगा।
संभागीय परिवहन कार्यालय में 1142 स्कूली वाहनों का पंजीकरण है। पिछले साल 89 और इस वर्ष अब तक 114 स्कूली वाहनों का फिटनेस नहीं कराया गया। स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए थे। उसके बाद भी प्रबंधकों ने वाहनों की फिटनेस नहीं कराई। कई बार नोटिस का जवाब न देने पर सभी 203 स्कूली वाहनों का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। अंतिम नोटिस भी भेज दिए है। छह महीने के अंदर फिटनेस न कराने पर इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा।
एआरटीओ प्रवर्तन एमपी सिंह ने बताया कि स्कूली वाहनों को बिना मानकों के नहीं चलने दिया जाएगा। 203 स्कूली वाहनों की फिटनेस नहीं कराई गई। इनका पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। अब आगे पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अगर यह अनफिट वाहन संचालित मिले तो उन्हें तत्काल सीज कर दिया जाएगा। ऐसे स्कूल संचालक जिनके वाहन चलने की स्थिति में नहीं हैं या नहीं चलवाना चाहते हैं। वह वाहन सरेंडर कर प्रार्थना पत्र दे सकते हैं।