सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से मारपीट करने और पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने कोच सहित दो लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि विरोध करने पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का है। शुक्रवार की देर शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राहुल चाेपड़ा गेस्ट हाउस में थे। इसी दौरान खेल प्रोत्साहन समिति के तहत सेवाएं दे रहे एक कोच, उसका साथी व सात-आठ अज्ञात व्यक्ति जबरदस्ती गेस्ट हाउस में घुस आए। कोच के साथी ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी की कनपटी पर पिस्टल तान दी। गेस्ट हाउस में हंगामा होने और आवाज सुनकर चौकीदार, होमगार्ड और अन्य खिलाड़ी आ गए।
खिलाड़ियों के आने पर कोच और उसके अन्य साथी क्रीड़ा अधिकारी को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते भाग गए थे। इसके बाद क्रीड़ा अधिकारी व अन्य खिलाड़ी थाना सदर बाजार पहुंचे। मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरीर दी गई। इस पर पुलिस ने आरोपी कोच अक्षित धीमान व रोहित पाठक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
-
कोच के खिलाफ चल रही जांच
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राहुल चाेपड़ा ने बताया कि कोच के खिलाफ जांच चल रही है। आरोप है कि वह स्टेडियम में बिना पंजीकरण खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करा रहे। जांच के बारे में सभी अधिकारियों को अवगत कराया है। मारपीट की घटना से स्टेडियम में भय का माहौल है।
-
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से मारपीट मामले में दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- शैलेंद्र प्रताप गौतम, सीओ द्वितीय