संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोर्ट रोड स्थित मॉडल शॉप के पूर्व संचालक ने दुकान मालिकों पर दुकान में रखा सामान वापस न करने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मिशन कंपाउंड निवासी सिकंदर वीर सिंह ने तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए कोर्ट रोड स्थित मॉडल शॉप का वैध लाइसेंस था। वर्ष 2026-27 में लाइसेंस का नवीनीकरण न होने के कारण उन्होंने 31 मार्च 2026 को दुकान बंद कर दी। दुकान किराये पर राजीव कक्कड़ और सत्यम कक्कड़ से ली गई थी। दुकान बंद करते समय तीन फ्रिज, एक बड़ा डीप फ्रीजर, एलईडी, 12 रैक, इन्वर्टर-बैटरी, काउंटर, एलईडी डिस्प्ले, टेबल, मिक्सर, डीवीआर सहित चार सीसीटीवी, प्लेट लाइट और एलईडी फ्लैट बोर्ड सहित अन्य सामान अंदर ही रखा रह गया था।
आरोप है कि कई बार स्वयं और अन्य लोगों के माध्यम से सामान वापस मांगा गया, लेकिन दुकान मालिकों ने देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि सामान मांगने पर राजीव कक्कड़, सत्यम कक्कड़ और उनके सहयोगी अजय चांदना ने अभद्र व्यवहार किया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।