सहारनपुर। विद्युत निगम ने निगेटिव लाइन लॉस दिखाने वाले फीडरों की जांच और उनमें मिली खामियों को दूर करने की तैयारी शुरू कर दी है। पश्चिमांचल विद्युत निगम निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने सहारनपुर जोन का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को फीडरों की टैगिंग और उपभोक्ताओं की मैपिंग में मिली गलतियों को ठीक करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
एमडी वाणिज्य संजय जैन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली वितरण और राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन फीडरों पर बिजली की खपत और आपूर्ति का हिसाब माइनस में दिखाई दे रहा है, उनकी मैपिंग और टैगिंग की जांच की जाए। इनपुट और आउटपुट मीटरों के आंकड़ों का मिलान कर सही जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाए, जिससे लाइन लॉस की वास्तविक स्थिति पता चल सके। उन्होंने बड़े बकायादारों से बिजली वसूली एवं बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार काम करने के निर्देश दिए।