सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिदों में ही जुमे की नमाज पढ़ने और जनपद में शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की। वह बुधवार को नगर निगम में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैठक में शामिल हुए पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र के शरारती तत्वों पर नजर रखने को कहा, जिससे जनपद में अमन और चैन बनाए रखा जा सके।
मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्रों के पार्षदों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव वालिया ने की। बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि नूपुर शर्मा द्वारा बयान दिल्ली में दिया गया, जिन पर पार्टी की ओर से कार्रवाई हो चुकी है। एफआईआर भी उनके विरुद्ध हुई है, जिसके बाद कानून अपना काम करेगा। ऐसे में सहारनपुर में प्रदर्शन या विरोध करने का अब औचित्य नहीं बनता है। स्पष्ट किया कि प्रशासन पिछली घटना से सबक लेकर आगामी अवसरों पर पूरी सतर्कता बरतेगा और कैमरों व सर्विलांस आदि के माध्यम से संवेदनशील स्थानों पर आने-जाने वाले एक-एक व्यक्ति पर नजर रखी जाएगी। महापौर संजीव वालिया ने कहा कि सहारनपुर गंगा-यमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। सहारनपुर के हिंदु-मुस्लिम भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल पूरे देश में दी जाती है। उन्होंने सभी पार्षदों से संवेदनशील अवसरों पर बाहरी तत्वों से सावधान रहने की अपील की। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि भविष्य में महानगर में ऐसी कोई घटना न हो, जिससे सहारनपुर पर कलंक लगे। उन्होंने मुस्लिम पार्षदों से अपील की कि वह अपने वार्डों की मस्जिदों से एलान कराएं कि सभी नमाजी अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिदों में ही नमाज अदा करें। पार्षद शहजाद चौधरी, रिजवान अहमद, हाजी बहार अहमद, पार्षद प्रतिनिधि नदीम व नसीम ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सभी मुस्लिम पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से परस्पर सद्भाव बनाए रखने और जुमे की नमाज अपने क्षेत्रों की मस्जिदों में ही पढ़ने के लिए समझा रहे हैं और प्रेरित कर रहे हैं। पार्षद अभिषेक अरोड़ा उर्फ टिंकू ने सुझाव दिया कि शांति बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिस चौकी क्षेत्र में समितियों का गठन किया जाए। बैठक में पार्षद मनोज जैन, मुकेश गक्खड़, रमन चौधरी, ज्योति अग्रवाल, पार्षद प्रतिनिधि महमूद, ज्योति सहगल व नितिन सिंघल भी मौजूद रहे।