सहारनपुर। सोमवती अमावस्या के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो मेला विशेष ट्रेनें चलाई हैं। ये ट्रेनें 17 जून तक संचालित होंगी। इनमें एक ट्रेन सोमवार से शुरू हो गई है।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों के बारे में सूचना नोटिस बोर्ड और घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों तक पहुंचाई जा रही है ताकि यात्रियों को अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सोमवार को 04327 हरिद्वार-बठिंडा मेला विशेष ट्रेन हरिद्वार से दोपहर एक बजे चली, जो रड़की, हिंडन केबिन होते हुए सहारनपुर में 3:40 बजे पहुंची। 16 जून को 04328 बठिंडा-हरिद्वार मेला विशेष ट्रेन रात 12:40 बजे चलेगी।
भुच्चू, रामपुरा फूल, तापा, बरनाला, धुरी, नाभा, पटियाला, राजपुरा, अंबाला सिटी, अंबाला कैंट, बराड़ा, मुस्तफाबाद, जगाधरी वर्कशॉप होते हुए सहारनपुर अगले दिन सुबह 6:05 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए गए हैं। 16 जून को 04338 हरिद्वार-दिल्ली मेला विशेष ट्रेन हरिद्वार से शाम 7:45 बजे चलेगी, जो सहारनपुर में रात 9:25 बजे आएगी और दिल्ली रात दो बजे पहुंचेगी।
17 जून को 04337 दिल्ली-हरिद्वार मेला विशेष ट्रेन दिल्ली से सुबह 3:40 बजे रवाना होगी, जो शाहदरा, नोली, बागपत, बड़ौत, शामली, टपरी होते हुए सहारनपुर में सुबह 7:50 बजे पहुंचेगी।