रेलवे ने बरसों पुरानी जमीन को कब्जा मुक्त कराया
सहारनपुर। रेलवे ने बरसों पुरानी जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर मामला अदालत में पहले विचाराधीन था। जिस पर सिविल जज जूनियनर डिवीजन और अपर जिला जज सहारनपुर ने रेलवे के पक्ष में फैसला सुनाया।
रेलवे के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंघल ने बताया कि करीब 100 क्वार्टर रेलवे कालोनी के पास प्रेम वाटिका कालोनी से लगती है। रेलवे की भूमि पर करीब 1996 से एक महिला की ओर से कब्जा किया गया था। कब्जे को लेकर रेलवे की ओर से कई बार नोटिस दिया गया, लेकिन महिला ने कब्जा नहीं छोड़ा। फिर ये मामला सिविल जज जूनियर डिवीजन और अपर जिला जज की अदालत में पहुंचा। अदालत ने सुनवाई करते हुए रेलवे के पक्ष में फैसला देते हुए दायर याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत का आदेश आने के बाद रेलवे के संपदा विभाग उत्तर रेलवे अंबाला डिवीजन के अधिकारियों के समक्ष भी ये मामला कई बार आया। अदालत से फैसला आने के बाद वरिष्ठ खंड इंजीनियर कार्य/संपत्ति सहारनपुर पंकज कुमार ने रेलवे की भूमि पर दल-बल के साथ संपत्ति को कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान रेलवे के इंजीनियर अरविंद कुमार, ईशांक, सम्मी सहित अन्य लोग मौजूद रहें।
कब्जाधारियों में मचा हड़कंप
सहारनपुर। रेलवे की ओर से भूमि कब्जा मुक्त कराने को लेकर कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है। रेलवे की जमीन पर बड़ी तादाद में कब्जा है। रेलवे अदालत से आदेश लेकर पूर्व में भी अपनी भूमि को कब्जा मुक्त करा चुका है। अब रेलवे के अधिकारी इस ओर कब्जाधारियों को चिह्नित कर कार्रवाई तेज करने जा रहे हैं।