सहारनपुर। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णवी शनिवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से हरिद्वार जाते समय रेलवे स्टेशन पर रुके। वह अपने पिता की अस्थियां प्रवाहित करने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। साथ ही रेलवे स्टेशन पर दूसरे चरण में होने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी दी।
नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस शनिवार सुबह करीब 9:38 बजे प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची। वहां नगर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा व पूर्व महापौर संजय वालिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने रेलमंत्री का अभिवादन किया। रेल मंत्री के स्टेशन पर रुकने के दौरान जनप्रतिनिधियों से अनौपचारिक बातचीत हुई। रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे स्टेशन के द्वितीय चरण के सुंदरीकरण का कार्य अगले छह महीनों में शुरू हो जाएगा।
इसमें प्लेटफार्मों के सुंदरीकरण के साथ एक्सीलेटर सीढ़ियां, बेहतर यात्री सुविधाएं और अन्य आवश्यक कार्य शामिल होंगे। सहारनपुर–देहरादून रेल लाइन की डीपीआर को लेकर भी रेल मंत्री ने अपडेट दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से यह भी जाना कि अब तक हुए कार्यों पर जनता की क्या प्रतिक्रिया रही। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि रेलवे द्वारा कराए गए सुंदरीकरण और स्टेशन के बाहर किए गए विकास कार्यों से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा हुई है। शताब्दी एक्सप्रेस लगभग 37 मिनट तक स्टेशन पर रुकी।
-
चंडीगढ़ से प्रयागराज वाया लखनऊ ट्रेन चलाने की मांग दोहराई
नगर विधायक राजीव गुंबर ने चंडीगढ़ से प्रयागराज वाया लखनऊ नई ट्रेन चलाने की मांग को दोहराया, जिस पर रेलमंत्री ने आश्वासन दिया कि नए रैक उपलब्ध होते ही यह मांग पूरी कर दी जाएगी। इसके अलावा द्वितीय चरण के काम जल्द शुरू कराने की मांग की है। इसमें प्लेटफार्म का सुंदरीकरण, फुटओवर ब्रिज का निर्माण सहित अन्य कराया जाना प्रस्तावित है।