सहारनपुर। यात्री सेवा समिति(पीएससी) के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर जो भी कमियां हैं, उन्हें एक सप्ताह में दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने एस्केलेटर के तैयार होने के बावजूद शुरू न किए जाने पर नाराजगी जताई और 15 दिन में संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।
बुधवार को यात्री सेवा समिति के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन कमेटी के सदस्य सुरेंद्र भगत के साथ शताब्दी ट्रेन से सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म एवं ट्रैक पर सफाई व्यवस्था देखी, स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की तारीख चेक कराई। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर पांच और छह पर हो रहे गड्ढों पर नाराजगी जताई और एक सप्ताह में गड्ढे ठीक कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नए पुल पर बनाए गए एस्केलेटर को शुरू न किए जाने पर नाराजगी जताई। कई माह से तैयार एस्केलेटर के बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट ली और 15 दिन में एस्केलेटर का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने लिफ्ट के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक राजीव गुंबर भी पहुंचे और उन्होंने नए बनाए गए पुल को प्लेटफार्म से आगे बाहर आरक्षण खिड़की तक बढ़ाए जाने की मांग की। उन्होंने प्लेटफार्मों पर शौचालय की व्यवस्था न होने के बारे में भी अवगत कराया। जिस पर उन्होंने मौके पर मौजूद एडीआरएम करन सिंह को व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रतिबद्ध है।
रेल का पहिया विकास का पहिया है : रमेश चंद्र रतन
सहारनपुर। यात्री सेवा समिति के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन ने कहा है कि रेल देश की लाइफ लाइन है। रेल का पहिया विकास का पहिया और इंजन विकास का इंजन है। रमेश चंद्र रतन निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में 23 मिलियन लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं, 98 प्रतिशत यात्रियों के देशाटन का माध्यम रेल ही है। कुछ सालों में रेलवे में काफी गतिशीलता आई है। उन्होंने कहा कि अभी तक पटाखे से रेल पास करते थे, अब नई डिवाइस लगाई गई है, चालक उसे दो किलोमीटर से देख सकेगा। विश्व स्तरीय वेटिंग रूम एवं कोच तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्री पटरियों को पार न करें। रेलवे सिर्फ जुर्माना लगा सकता है, लेकिन जान की भरपाई कोई नहीं कर सकता।
अब ट्रेनों में पुश पुल तकनीक शुरू होगी
शताब्दी जैसी ट्रेन को सहारनपुर मे 20 मिनट रुकना पड़ रहा है। लेकिन अब इसमें संशोधन होगा। भारतीय रेलों में अब पुश पुल तकनीक का प्रयोग होगा। हर लंबी दूरी एवं सुपरफास्ट ट्रेन में दो इंजन लगेंगे। जिससे इंजन बदलने में लगने वाला समय भी बचेगा और ट्रेनों की गति भी बढ़ेगी। यात्रियों का समय बचेगा।
प्रधानमंत्री ने दिया है स्वच्छता का संदेश
चेयरमैन ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में लाल किले से झाड़ू पकड़ने का उद्देश्य यह संदेश देना है कि जो कर्म से होना चाहिए था, जन्म से जाति पर थोप दिया गया। झाड़ू वाला निम्न जाति बना दिया। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने झाड़ू पकड़कर स्वच्छ भारत का संदेश दिया है। घर भी स्वच्छ रखें, शरीर भी स्वच्छ रखें। बीमारियों से दूर रहेंगे।
रेलवे स्टेशन सिथत कार्यालय पर पत्रकारो से वार्ता करते यात्री सेवा समिति के चैयरमैन- फोटो : SAHARANPUR