संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद के किसानों को अब उन्नतशील बीजों के लिए भटकना नहीं पडे़गा। जिले के पांच एफपीओ (फारमर्स प्रोडयूसर ऑर्गेनाइजेशन) उन्नतशील बीजों उत्पादन करेंगे। इसके लिए उन्होंने प्रोसेसिंग प्लांट से लेकर गोदाम तक तैयार कर लिए हैं। सरकार ने प्रत्येक एफपीओ को इसके लिए 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। जनपद में सबसे पहले धान के उन्नतशील बीजों का उत्पादन करने की तैयारी शुरू हो गई है।
जनपद के किसानों को अब स्थानीय स्तर पर फसलों के उन्नतशील बीज मिल सकेंगे। इसके लिए जिले में पांच फारमर्स प्रोडयूसर ऑर्गेनाइजेशन को सरकार ने अनुदान दिया है। इसमें बीजों की प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से लेकर गोदाम तक का निर्माण कराया है। एफपीओ अपने संगठन से जुडे़ किसानों को पहले उन्नतशील बीज देंगे। उसके बाद उसकी वैज्ञानिक तरीके से खेती कराई जाएगी। इसकी निगरानी समय-समय पर कृषि वैज्ञानिक भी करेंगे। जिससे बीज का उत्पादन शुद्ध और उच्च गुणवत्ता का हो सके। फसल तैयार होने के बाद एफपीओ अपने किसानों से खरीदारी करेंगे। इसके बाद उसमें सबसे उत्तम क्वालिटी के बीज की प्रोसेसिंग कर उसका भंडारण गोदाम में किया जाएगा। जनपद में उत्पादन की शुरूआत धान के बीज से की जाएगी। इसके लिए एफपीओ ने अपने किसानों को बीज वितरण करना शुरू कर दिया है।
वर्जन
हमने बीज की प्रोसेसिंग के लिए प्लांट स्थापित करने से लेकर उसके भंडारण के लिए गोदाम का निर्माण कर लिया है। हम अपने एफपीओ से जुडे़ 1510 किसानों के साथ मिलकर धान के बीज का उत्पादन करने की तैयारी कर चुके हैं।-प्रदीप कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनाग्राम फारमर्स प्रोडयूसर ऑर्गेनाइजेशन ग्राम बांदूखेड़ी
वर्जन
जनपद के पांच एफपीओ बीज उत्पादन करेंगे। इसकी शुरूआत धान के बीज से होगी। एफपीओ अपने संगठन से जुडे़ किसानों को न सिर्फ उच्च गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराएंगे बल्कि उनके यहां फसल तैयार कराएंगे। बीज की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कृषि वैज्ञानिकों की मदद ली जाएगी।-डॉ. राकेश कुुमार, उप निदेशक कृषि