पिलखनी के औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते उद्यमी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लखनऊ में होने वाली यूपी ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट के माध्यम से निवेश बढ़ाने को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारी पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
अंबाला रोड स्थित पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यूपीसीड़ा के उप महाप्रबंधक विद्युत दलीप सिंघानवी एवं उप महाप्रबंधक सिविल आरएस यादव ने भरोसा दिलाया कि उद्यमियों द्वारा बताई गईं समस्याओं को जल्द ही निस्तारण किया जाएगा।
कार्यक्रम में उद्यमी गणपत राय चुघ ने छह करोड़ रुपये का एमओयू हस्ताक्षरित करने को वादा किया। लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता ने कहा कि पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में पिछले 17 वर्षों से पानी की टंकी होने के बावजूद उद्योगों के लिए जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने संगठन के कार्यालय के लिए भूमि आवंटन की मांग की। संरक्षक देवेंद्र बंसल ने पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने रिक्त पड़े प्लॉटों के आवंटन में जनपद के उद्यमियों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। जिला महासचिव राज कमल अग्रवाल ने पुलिस चौकी और चारदिवारी का निर्माण कराने की मांग की। संचालन मीडिया प्रभारी आलोक तनेजा ने किया। इस दौरान शौर्य जैन, आशीष शर्मा, मो. आलम, संजय यादव, सुशील भारद्वाज, रवि वैश्य, सुनील सैनी, अनूप खन्ना आदि मौजूद रहे।