भाकियू बेदी के अध्यक्ष को अमानतगढ़ पुलिस चेक पोस्ट पर रोका
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का घेराव करने जा रहे भाकियू बेदी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को समर्थकों सहित दून हाईवे पर अमानतगढ़ पुलिस चेक पोस्ट पर रोक लिया। वहां कार्यकर्ताओं ने एक लेन पर जाम लगाकर धरना दिया। बाद में एसडीएम भगवानपुर को ज्ञापन देकर प्रदर्शनकारी लौट गए।
सोमवार को भाकियू बेदी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जा रहे थे। उत्तराखंड पुलिस प्रशासन के अधिकारी इसकी सूचना मिलते ही अलर्ट हो गए। देहरादून नेशनल हाईवे पर अमानतगढ़ में यूपी और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर राहुल बेदी को कार्यकर्ताओं सहित रोक लिया। इसके बाद किसान दरी बिछाकर हाईवे पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों ने हाईवे की एक लेन पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद एसडीएम भगवानपुर ब्रिजेश तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक किसानों के साथ वार्ता की। इसके बाद किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंप कर धरना समाप्त कर दिया।