सहारनपुर। महानगर में बिलों का बकाया वसूलने के लिए विद्युत निगम अब 20 हजार कनेक्शन काटने की तैयारी कर रहा है। नगरीय क्षेत्र में करीब 43.05 करोड़ रुपये बकाया है। हैरानी की बात यह है कि नगर के सबसे वीआईपी फीडर ऑफिसर्स कॉलोनी में केवल आठ बकायेदारों पर 1.63 करोड़ रुपये बकाया है। इन बकायेदारों में सत्ताधारी पार्टी के जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं।
जिले में बिजली बिलों की वसूली के लिए विद्युत निगम ने पिछले दो माह में बड़े स्तर पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है। इसके बावजूद बकाया पूरी तरह वसूल नहीं हो पा रहा है। नगरीय क्षेत्र में कुल बकाये में करीब 27 करोड़ रुपये घरेलू और छह करोड़ रुपये कॉमर्शियल उपभोक्ताओं पर हैं। शेष राशि अन्य नगर निगम समेत अन्य विभागों पर है। पुराने शहर के बाजारों और मोहल्लों में बिजली चोरी और बिजली कनेक्शन काटने के सबसे ज्यादा मामले पिछले दो माह में आए हैं। यहां पिछले दो माह में 5541 कनेक्शन बकायेदारों के काट दिए गए। इनके अलावा अब 20 हजार कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आवास विकास और ऑफिसर्स कॉलोनी जैसे वीआईपी फीडर क्षेत्र में भी एक लाख से पांच लाख रुपये तक के बकायेदार मौजूद हैं। इनमें एक पूर्व जनप्रतिनिधि पर ढाई लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। कई उपभोक्ताओं ने काफी समय से बिल ही जमा नहीं किया है।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार के अनुसार, हाल ही में नगरीय क्षेत्र में करीब 60 हजार उपभोक्ता और जोड़े गए हैं। मानकमऊ नगरीय क्षेत्र और हाकिमपुरा उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले इन उपभोक्ताओं पर करीब 10 करोड़ रुपये बकाया है। पहले ये क्षेत्र ग्रामीण व्यवस्था में शामिल थे। क्षेत्र बढ़ने के साथ नगरीय क्षेत्र के कुल बकाये का आंकड़ा भी बढ़ा है। विभाग की सूची में शामिल टॉप टेन बड़े बकायेदारों में वीआईपी उपभोक्ता शामिल हैं।
बिजली बिलों की वसूली विभाग की प्राथमिकता है। बकायेदार उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। बड़े बकायेदारों से भी वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
- हेमराज सिंह,मुख्य अभियंता विद्युत निगम सहारनपुर