सहारनपुर। विधानसभा चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारी जोरों पर है। नामांकन के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग की गई। जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशी कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन करेंगे। इसके लिए विधानसभा वार कक्ष निर्धारित किए गए हैं। जनपद में नामांकन 21 से 28 जनवरी तक होने हैं।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार बेहट विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग ऑफिसर उप जिलाधिकारी बेहट रामजीलाल होंगे। नामांकन पत्र चकबंदी अधिकारी न्यायालय में जमा होंगे। नकुड़ विधानसभा सीट के लिए उप जिलाधिकारी नकुड अजय कुमार अम्बष्ट रिटर्निंग आफिसर बनाए गए हैं। इस सीट के लिए नामांकन पत्र अपर मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में जमा होंगे। नगर विधानसभा सीट के आरओ नगर मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी बनाए गए हैं। इसके लिए नामांकन नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय में होंगे। सहारनपुर विधानसभा सीट की आरओ एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव होंगी। इसके लिए नामांकन अपर जिलाधिकारी प्रशासन के न्यायालय में जमा कराए जाएंगे। देवबंद विधानसभा सीट के लिए आरओ एसडीएम देवबंद दीपक कुमार बनाए गए हैं। इसके लिए नामांकन पत्र जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में जमा होंगे। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के लिए आरओ एसडीएम रामपुर संजीव कुमार बनाए गए हैं। इसके लिए नामांकन विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के न्यायालय कक्ष में होंगे। गंगोह विधानसभा सीट के लिए आरओ अपर उप जिलाधिकारी संगीता राघव बनाई गई हैं। इस सीट के लिए नामांकन अपर उप जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में होंगे।