सहारनपुर। गैंग बनाकर समाज में भय व्याप्त करने और आपराधिक गतिविधि में लिप्त रहने वाले गैंगस्टरों को आर्थिक चोट पहुंचाने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। बीते एक सप्ताह में ही कई गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क की गई है, जबकि 25 और गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क कराने की प्रक्रिया चल रही है। जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय से अनुमति मिलने पर जल्दी ही इनकी संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।
जिन गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क की जानी है, उनमें गोवध अधिनियम, मादक पदार्थों के तस्कर और भू माफिया भी शामिल हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। पुलिस अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को गैंगस्टरों की संपत्ति का ब्योरा जुटाने और संपत्ति कुर्क करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थनापत्र डालने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई को विशेष अभियान के तौर पर लिया जा रहा है। पुलिस ने इन गैंगस्टर की संपत्ति का ब्योरा जुटाया तो पता चला कि कुछ ही वर्षों में इनके द्वारा कई कई संपत्ति अर्जित की गईं, किसी ने मकान खरीदा तो किसी ने दुकान आदि। इसी के चलते पुलिस ने अन्य 25 गैंगस्टर की सूची तैयार कर संपत्ति का ब्योरा जुटाया और संपत्ति कुर्क करने की अनुमति के लिए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थनापत्र डाल दिया है।
एक सप्ताह में इनकी संपत्ति हुई कुर्क
सदर बाजार क्षेत्र में गैंगस्टर विनोद शर्मा, दिनेश शर्मा, मिर्जापुर थाना क्षेत्र में शहवाज, सरसावा क्षेत्र में वासिक और आसिफ और मंडी थाना क्षेत्र में मो. अहमद की संपत्ति कुर्क की जा चुकी हैं।
एसएसपी डा. एस चनप्पा ने बताया कि गैंगस्टर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। 25 और गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।