सहारनपुर में त्योहारी सीजन में खुराफातियों और अवांछनीय तत्वों से निपटने के लिए पुलिस अब पूरी तरह से मुस्तैद है। नवरात्र और दशहरे को लेकर एसएसपी ने एक्शन प्लान तैयार किया है और इसे ऑपरेशन कमांडर नाम दिया गया है।
खुराफातियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं और हाल ही में बनाए गए विशेष पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। नियुक्त किए गए एसपीओ क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की जानकारी पुलिस के साथ शेयर करेंगे।
त्योहारी सीजन में चलने वाले ऑपरेशन कमांडर की सीधी मॉनिटरिंग एसएसपी करेंगे। नवरात्र में मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ का ध्यान रखते हुए वहां भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
नवरात्र शुरू होने के पहले एसएसपी ने शहर की सुरक्षा का पुख्ता प्लान तैयार किया है। इसमें शहर के भीड़भाड़ वाली जगहों को चिन्हित किया गया है और वहां पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा शहर में संवेदशील, अति संवदेनशील इलाकों की सूची तैयार की है। माना जा रहा है कि बाजारों में भीड़ बढ़ने की वजह से चेन स्नेेचर और इस तरह के खुराफाती सक्रिय होंगे, ऐसे में पुलिस ने उन जगहों पर फैंटम की तैनाती की है।
आपको बता दें कि एसएसपी मनोज तिवारी ने सहारनपुर की कमान संभालने के साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई तरह के प्रयोग किए। इसमें हाल ही में नियुक्त किए गए एसपीओ भी थाना पुलिस के साथ सक्रिय कर त्योहारी सीजन में खुराफातियों से निपटने में उनकी मदद ली जाएगी।
नवरात्र में मंदिरों में भीड़ बढ़ने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में मंदिरों में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिरों के बाहर पुलिस तैनाती के साथ ही अंदर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी रहेंगे। जो मंदिरों के अंदर किसी भी तरह के अवांछनीय तत्वों से निपटेंगे।