सरसावा पुलिस की गिरफ्त में शिकार के आरोपी
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। सरसावा पुलिस ने जंगल में जानवरों का शिकार करने के उद्देश्य से घूम रहे दो लोगों को डबल बैरल बंदूक के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे हिरण के पीछे दौड़ते हुए उसका शिकार करने का प्रयास कर रहे थे।
सरसावा थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम धौलापड़ा के जंगल में दो व्यक्ति जानवरों का शिकार करने की तलाश में हैं। पुलिस ने टीम बनाकर दोनों लोगों को धोलापड़ा गांव के जंगल में घेरकर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी इजहार पुत्र रिजवान निवासी ग्राम धोलापड़ा थाना सरसावा तथा तालिम पुत्र महबूब निवासी ग्राम नसरूल्लापुर थाना नकुड़ हैं। आरोपियों के पास से दोनाली बंदूक तथा पांच कारतूस भी बरामद हुए। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे शिकार के लिए एक हिरण का पीछा कर रहे थे। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों के पास मिली बंदूक कंपनी मेड है। पुलिस जांच कर रही है कि बंदूक अवैध है अथवा आरोपियों के पास उसका लाइसेंस है। पुलिस ने वन्य जीव तथा अन्य धाराओं में आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया।