मेघछप्पर के पास रेलवे की जमीन से अवैध कब्जा हटवाती टीम।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव मेघ छप्पर में रेलवे की जमीन पर लंबे समय से चले आ रहे अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया। रेलवे, सिविल पुलिस और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई कर लाखों रुपये की संपत्ति से अवैध कब्जा हटवाया है।
रेलवे के सहायक मंडलीय अभियंता आदित्य सिंह के मुताबिक अंबाला हाईवे की ओर शहर के पास ही मेघ छप्पर गांव में परमिंदर नाम के व्यक्ति की ओर से एक वुड कार्विंग सीजनिंग प्लांट को तैयार कराया जा रहा था। इसके लिए भवन तैयार करने के साथ ही अंदर मशीनें तक लगा ली गई थीं। रेलवे की ओर से लगातार चेतावनी और नोटिस के बावजूद यह अवैध निर्माण जारी रहा। इसके चलते संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम के मुताबिक इस स्थल पर करीब 600 वर्ग मीटर क्षेत्र में रेलवे की संपत्ति पर अवैध कब्जा किया गया था। शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण कर रेलवे की संपत्ति की पैमाईश कराई गई थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। इस दौरान रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (लाइन) शमशेर जफर, आरपीएफ थाना प्रभारी नवीन कुमार और थाना कुुतुबशेर प्रभारी विनोद कुमार सिंह हित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।