सहारनपुर। सर्द मौसम का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर गैंग के गिरोह को दबोचने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। इसके लिए टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और चोरों को पकड़ने का सिलसिला तेज हुआ।
जिले में पिछले दिनों चोरों ने सर्द मौसम का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसी को देखते हुए पुलिस ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फराबाद में प्रशांत सैनी के अस्पताल में चोरी घटना में शामिल आरोपी रहीस निवासी गंदेबड़ा थाना फतेहपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से चोरी का सामान, तमंचा, कारतूस और एक गाड़ी को बरामद किया गया। इससे पूर्व तीन जनवरी को नकुड़ में हुई चार घटनाओं के मामले में कलीम निवासी मोहल्ला बंजारान नकुड़, इरफान निवासी मोहल्ला जोगियान को दबोचकर चोरी में प्रयुक्त किए हथियार और 1560 रुपये की नगदी बरामद कर जेल भेजा चुका है। इसके अलावा चिलकाना, गंगोह क्षेत्र में हुई घटनाओं में भी पुलिस के हाथ सफलता लगी है।
इसके साथ ही चोर गैंग पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी द्वारा टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही समस्त थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों का रात में गश्त बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस एक-एक घटनाओं का खुलासा करेेगी। चोर गैंग के सदस्यों को पकड़ने का सिलसिला तेज हो गया है। चोरों को पकड़ने में नागरिक पुलिस का सहयोग करें और कुछ सावधानियां जरूर बरतें।
चोरी से बचने को नागरिक बरतें यह सावधानियां
-- घर बंद होने स्थिति में लाइट को खुला रखें।
-- मुख्यद्वार पर इंटरलॉक लगाएं।
-- मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएं।
-- दिन में घर के आसपास घूमने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस को दें।
-- घर बाहर जाने की दशा में पड़ोसियों और संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी पर भी अवगत कराएं।