-- सियासी दलों की निगाहें पीएम की चुनावी सभा पर लगी
-- इस विधानसभा चुनाव में पीएम की पहली चुनावी रैली होगी
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर से चुनावी रैली से वेस्ट यूपी को साधेंगे। बृहस्पतिवार को ही विधानसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी रैली पर सभी सियासी दलों की निगाहें लगी है। पीएम की रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
इस बार के विधानसभा चुनाव में कोरोना संक्रमण के चलते चुनाव आयोग की बंदिशों के कारण बड़ी चुनावी रैली नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभी तक चुनावी सभाओं को वर्चुअल ही संबोधित किया है। वो बृहस्पतिवार को मां शाकंभरी देवी की पावन भूमि सहारनपुर से अपनी पहली चुनावी रैली का संबोधित कर वेस्ट यूपी से चुनावी शंखनाद करेंगे। प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार को सहारनपुर के रिमाउंट डिपो के मैदान से चुनावी रैली को संबोधित कर पश्चिमी यूपी को साधने का प्रयास करेंगे। क्योंकि बृहस्पतिवार को ही वेस्ट यूपी के 11 जिलों में 58 सीटों पर वोट डाले जाएंगेे। इस बार किसान आंदोलन और महंगाई आदि मुद्दों को लेकर पश्चिमी उप्र का रण जीतने के लिए भाजपा के सामने प्रबल चुनौती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन साल बाद सहारनपुर आएंगे। इससे पहले वो 2019 के लोकसभा चुनाव में नानौता में चुनावी रैली को संबोधित करने आए थे।
------------------------------------
सुबह 11.35 बजे सहारनपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहारनपुर दौरे का सरकारी कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिल गया है। जिसके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह दिल्ली से प्लेन द्वारा सुबह 11.15 बजे सरसावा एयरफोर्स स्टेशन के एयरबेस पहुंचेंगे। सरसावा से वे हेलिकॉप्टर से 11.35 बजे सहारनपुर रिमाउंट डिपो के मैदान पर चुनावी सभा में पहुंचेंगे। ये यहां पर एक घंटे रहेंगे। संबोधन के बाद वो हेलिकॉप्टर से ही दोपहर 12.35 बजे ऋषिकेश के श्रीनगर में चुनावी सभा में जाएंगे।