सहारनपुर। जिले के 11 ब्लॉक स्तर पर खेल मैदान बनाने की योजना अधर में लटकी है। सिर्फ तीन विकासखंड क्षेत्रों में ही भूमि मिली है, लेकिन मानक पूरे न होने की वजह से कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वहीं, शासन द्वारा बजट भी जारी नहीं किया गया। ऐसे में योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। खेल का मैदान बनाने का मामला कई बार जिला योजना की बैठक में भी उठ चुका है।
जनपद में सिर्फ महानगर में डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम है, जबकि दूसरा स्टेडियम खेलो इंडिया योजना के तहत गांव अध्याना में बनाया जाना है। छह वर्ष पूर्व स्टेडियम की जगह चिह्नित की गई। विभाग ने छह करोड़ की लागत से स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। पिछले दिनों बजट जारी हुआ है, लेकिन अभी सिर्फ कुछ ही कार्य हो पाया है। वहीं, देवबंद के गांव भायला में स्टेडियम बनाने की योजना भी बजट के अभाव में अधर में लटकी है। इसी तरह जनपद के ब्लॉक बलियाखेड़ी, पुंवारका, मुजफ्फराबाद, सढौली कदीम, सरसावा, नकुड़ गंगोह, नानौता, रामपुर मनिहारान, देवबंद और नागल क्षेत्र में छोटे खेल मैदान बनाए जाने की योजना भी बजट के अभाव में परवान नहीं चढ़ पाई है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को दिक्कत उठानी पड़ती है।
- यहां चिह्नित की गई है भूमि
खेल मैदान बनाए जाने को रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव उमरी, गंगोह के गांव बरसी, मुजफ्फराबाद क्षेत्र के गांव कालूवाला भूमि चिह्नित की गई, लेकिन मानक पूरे न होने की वजह से कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जबकि आठ ब्लॉकों में भूमि ही नहीं मिल पाई है। खामियां दूर करने के लिए युवा एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने शासन को भी प्रस्ताव भी भेजा है। उम्मीद है कि जल्द मानकों को पूरा किया जाएगा और कार्य शुरू होगा।
वर्जन : खेल का मैदान बनाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। 11 ब्लॉकों में जगह चिह्नित की जा रही है। जल्द जगह चिह्नित कर ली जाएगी। इसके पश्चात शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। इसके पश्चात कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - प्रेमपाल सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी