सहारनपुर के बड़गांव थाने में सीओ देवबंद के निरीक्षण को लेकर असलाह की सफाई कर रहे एक दारोगा से अचानक गोली चल गई। गोली नीचे फर्श में जा धंसी। गोली की आवाज पर थाने में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई भी हादसा नहीं हुआ।
सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह के द्वारा थाने का निरीक्षण होना है। कई दिनों से थाने में इसकी तैयारी की जा रही है। रविवार सुबह से ही कुछ पुलिस कर्मी थाने में मौजूद असलहे की सफाई करने में लगे थे।
इसी समय बहेड़ा गांव में हुए एक विवाद को सुलझाने के लिए कई गांवों के ग्राम प्रधान व कुछ भाजपा कार्यकर्ता थाना परिसर में बैठे हुए वार्ता कर रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे अचानक दरोगा सुनील कुमार भी एक रिवाल्वर की सफाई करने लगे।
अचानक उस रिवाल्वर से गोली चल गई। गनीमत रही कि रिवाल्वर की नाल उस समय नीचे को थी ओर गोली ने फर्श में गड्ढा बना दिया। करीब पचास मीटर की दूरी पर कार्य कर रहा एक रंगाई करने वाले का बच्चा तो गोली की आवाज सुनकर नीचे गिरा और बेहोश हो गया। बाद में उसे पानी पिला कर होश में लाया गया।
गोली की आवाज सुनकर समझौते में मौजूद ग्राम प्रधानों और पुलिसकर्मियों में भी अफरातफरी मच गई। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह बालियान भी गोली चलने की आवाज सुनकर अपने आफिस से बाहर निकले और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गोली रिवाल्वर की सफाई करते समय एक दारोगा की लापरवाही से चली है।