पिकअप गाड़ी ने रेलवे फाटक में टक्कर मारी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जनपद के नानौता में देवबंद रोड स्थित रेलवे फाटक को एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी के चालक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर लगने से फाटक के पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसकी चपेट में आकर फाटक का गेटमैन गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद पिकअप चालक गाड़ी लेकर फरार होते समय संजय चौंक पर गाड़ी का पहिया निकल गया। जिसके बाद चालक पिकअप को छोड़कर फरार हो गया।
बताया गया कि बृहस्पतिवार की सुबह लगभग सात बजे क्षेत्र के नानौता-देवबंद मार्ग पर स्थित फाटक संख्या-117 पर तैनात गेटमैन धर्मेंद्र कुमार ने सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14546 के आने के कारण फाटक को बंद करते हुए रेलवे ट्रैक पर पड़े गन्ने हटाने लगा। इसी बीच देवबंद की ओर से अनियंत्रित व तेज गति से आ रही पिकअप गाड़ी ने रेलवे फाटक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससें फाटक के पाइप टूट गए और ट्रैक से गन्ना उठा रहे गेटमैन को टक्कर मार दी। हादसे में गेटमैन धर्मेंद्र कुमार गंभीर घायल रूप से हो गया।