सहारनपुर। अपनी मांगों को लेकर प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के कर्मचारियों ने आरएम कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी तीव्र आंदोलन करेगा। चार घंटे के बाद आरएम अनिल कुमार को ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय मंत्री सुधीर कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर 12 बजे क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पहुंच कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रांतीय प्रतिनिधि बाबूराम और क्षेत्रीय मंत्री सुधीर कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर है। कर्मचारियों को उनका हक दिलाने तक संगठन संघर्षरत रहेगा। उन्होंने संविदा परिचालकों, चालकों को नियमित न करने, वेतन विसंगतियों को दूर न करने, मृतक आश्रितों को नियुक्त न करने, आउटसोर्सिंग कर्मियों का अधिनियम के तहत भुगतान न करने पर रोष प्रकट किया। शाम चार बजे आरएम को पांच सूत्रीय मांगों को ज्ञापन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त किया। ब्रह्म सिंह के संचालन में दिए गए धरने में लक्ष्मीचंद, प्रवीण गुप्ता, विजयपाल, अनुज मलिक, तरंग पुंडीर, अनिल कुमार, यशवंत सिंह, सनसपाल, इंद्रपाल, आजाद सिंह, सतेंद्र, राकेश, ओमवीर, संजीव कुमार, भोपाल सिंह, कमर आलम आदि शामिल रहे।