संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पेट्रोल, डीजल पंपों पर घटतौली और अपमिश्रण पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जांच टीमों का गठन किया है। यह टीमें किसी भी पेट्रोल/डीजल पंप पर छापा मारकर जांच करेगी। नगर क्षेत्र और तहसील क्षेत्रों के लिए अलग-अलग जांच टीम बनाई गई हैं। इन जांच टीमों में छह- छह सदस्य रखे गए हैं।
घटतौली और अपमिश्रण की मिल रहीं शिकायतों पर जांच के लिए डीएम अखिलेश सिंह ने जांच टीम का गठन किया है। नगर क्षेत्र के लिए बनाई गई जांच टीम में नगर मजिस्ट्रेट, जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान विभाग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से नामित थानाध्यक्ष, तेल कंपनियों के जिला समन्वयक और डिस्पेंसिंग यूनिट्स के निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। तहसील क्षेत्र के लिए बनाई गई टीम में संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसील क्षेत्र के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, संबंधित थानाध्यक्ष, विधिक माप विज्ञान के वरिष्ठ निरीक्षक और तेल कंपनियों के जिला समन्वयक आदि को रखा गया है।
ढाबों एवं रेस्टोरेंट की भी होगी जांच
जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों और रेस्टोरेंट की भी जांच की जाएगी। जांच में यह देखा जाएगा कि इनमें वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल तो नहीं हो रहा है। इस बारे में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं सभी पूर्ति निरीक्षकों को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। - मनीष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी