सावधानी के साथ धार्मिक स्थलों में आने की होगी अनुमति
सहारनपुर। अनलॉक एक में सोमवार से जनपद में धार्मिक स्थल भी खोले जाएंगे, लेकिन इससे पूर्व धार्मिक स्थलों की समितियों ने सावधानी और नियमों के पालन को गाइड लाइन जारी की है, जिसमें कोरोना से बचाव से संबंधित जानकारी दी गई है।
सोमवार से मस्जिदों, मंदिरों, गुरुद्वारों और गिरजाघरों सहित सभी धार्मिक स्थल खोले जाएंगे। मगर इनमें जाने की अनुमति नियमों और जांच के बाद ही दी जाएगी। बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम के संस्थापक अतुल जोशी महाराज ने बताया कि धाम में सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए सिर्फ प्रभु के दर्शनों की व्यवस्था होगी। बिना मास्क के किसी को मंदिर में नहीं आने दिया जाएगा। प्रसाद वितरण, माला चढ़ाने, आरती का छींटा करने, जल वितरण पर सरकार के अगले आदेश तक रोक रहेगी। मूर्तियों, धार्मिक पुस्तकों, घंटी, ग्रील, रेलिंग और दीवारों को छूना प्रतिबंधित रहेगा। खांसी, जुकाम, बुखार और कोरोना से संबंधित लक्षण वाले व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। साबुन से हाथ धोकर सैनिटाइजेशन के बाद ही मंदिर में आने दिया जाएगा। हॉटस्पॉट से किसी व्यक्ति को मंदिर में नहीं आने दिया जाएगा। इसके साथ ही मंदिरों के द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी। मंदिर में बैठकर पाठ, कीर्तन करने और समूह में बैठने पर प्रतिबंध होगा। इसके साथ ही आरोग्य सेतु एप हर व्यक्ति को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करना होगा। इसी तरह महानगर के प्रमुख श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री तहसील शिव मंदिर, श्री विश्रामपुरी काल भैरव सहित सभी मंदिरों में सावधानी बरती जाएगी।
उधर, जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद ने बताया कि मस्जिद में नमाज के दौरान सरकार के निर्देशानुसार सोशल डिस्टेंस का पालन किया जाएगा। नमाज पढ़ने और इबादत करने आने वाले लोग अनिवार्य रूप से मास्क लगाएंगे। इसके साथ ही मस्जिद कमेटी और उलमा किराम की तरफ से दी गई हिदायत का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही मस्जिदों में सैनिटाइजेशन भी होगा। उन्होंने अपील की कि सभी लोग जिम्मेदार नागरिक की तरह मस्जिद कमेटियों और शासन की ओर जारी की गई गाइडलान का पालन करें। इसी तरह गुरुद्वारा और गिरजाघरों में भी व्यवस्था रहेगी। शहर के प्रमुख गुरुद्वारा श्री गुुरु सिंह सभा ने भी सावधानी बरतने को गाइड लाइन जारी कर दी है।
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में कपाट खुलने से पूर्व सैनिटाइजेशन करते पालिकाकर्मी- फोटो : DEVBAND